गैस की समस्या से तुरंत राहत के लिए होम टिप्स (Home Tips for Quick Relief from Gas Problems)

न सिर्फ बड़े-बूढ़े बल्कि बच्चे और युवा भी पेट में गैस की समस्या से जूझते हैं।दिनभर बैठे रहना और जरूरत से ज्यादा चाय, कॉफ़ी, सिगरेट पीना गैस बनने के लक्षणों में एक है। इसके अलावा गलत खानपान और गलत दिनचर्या (Routine) भी गैस बनने का कारण हो सकता है। गैस बनने के कारण सीने में या फिर शरीर के दूसरे हिस्से में दर्द होने लगता है। इसके अलावा गैस जब सिर में चढ़ जाती है तो उल्टी होने लगती है। गैस बनने से पेट फूलने लगता है और पाचन संबंधी कई तरह की दिक्कतें पैदा होने लगती हैं। व्यस्क दिन में 13 से 21 बार गैस पास करता है। गैस पाचन प्रक्रिया का एक सामान्य हिस्सा है।  पाचन के दौरान पैदा होने वाली यह गैस जब डकार या फार्ट के रूप में शरीर से बाहर निकलती है तो कोई समस्या नहीं होती है। लेकिन अगर किसी कारण से यह गैस शरीर में बनी रहती है, तो यह दर्द का कारण बनती है।वैसे तो गैस की समस्या से बचने के लिए लोग कई दवाओं का सहारा लेते हैं, इसके बजाए अगर घरेलू उपायों को आजमाया जाए, तो इस गंभीर समस्या से जल्द छुटकारा पाया जा सकता है।

गैस उत्पन्न होने के कारण

वैसे तो किसी इंसान के शरीर में गैस उत्पन्न होने के पीछे बहुत सारे कारण होते हैं लेकिन इसके कुछ मुख्य कारण है।

  • ज्यादा अधिक तीखे, मिर्च मसालेदार भोजन का सेवन करना।
  • रात्रि के समय खाते रहना, अधिक देर तक भूखे रहने, समय पर ना सोना, कम पानी पीना, धूम्रपान की आदत डालना, शराब चाय कॉफी आदि पदार्थों का सेवन करना।
  • कम परिश्रम करना, मानसिक, तनाव, चिंता, शोक में रहना।
  • प्राकृतिक वेगो को रोकना, कब्ज की शिकायत रहना।
  • भोजन में सलाद का सेवन न करना, आलू ,चना, उड़द, मटर, मसूर आदि का ज्यादा सेवन करना।
  • बेमौसमी भोजन का सेवन करना, बासी भोजन का सेवन करना, गरम खाना खाने के बाद ठंडा पानी पीना।

गैस की समस्या के लक्षण

जब किसी इंसान के शरीर में गैस की समस्या उत्पन्न हो जाती है तब उस इंसान के अंदर कई प्रकार के लक्षण देखने को मिलते हैं।

  • बार-बार पाद आना, बार बार डकारे आना।
  • पेट में गैस होने से बेचैनी, घबराहट और घुटन महसूस होना, छाती में जलन होना, पेट में हल्का दर्द होना, सिर में दर्द होना, लीवर में दिक्कत होना।
  • अपच की समस्या होना, कब्ज की समस्या रहना।
  • शरीर में मोटापा होना सिर भारी होना,दर्द की शिकायत रहना, भूख ना लगना,  थकावट होना, बार-बार नींद आना, दिल की धड़कन बढ़ना, ऐसे बहुत सारे लक्षण गैस की समस्या उत्पन्न होने पर दिखाई देते हैं।

गैस से बचने के लिए टिप्स –

  • ज़्यादा खाने से अपच, सुस्ती और गैस के कारण पेट फूलने की कष्टदायक समस्या हो सकती है। धीरे-धीरे चबाकर भोजन करें।छोटे-छोटे बाइट खाएं और कई बार खाएं। हमेशा भूख लगने पर ही भोजन खाना चाहिए 1 सप्ताह में एक बार व्रत करना चाहिए या एक टाइम खाना चाहिए।
  • मसालेदार और तली हुई चीज़ें खाने से बचें इनसे ब्लोटिंग हो सकती है, क्योंकि ये चीज़ें भारी और पचाने में मुश्किल होती हैं, जिससे पेट में बहुत ज़्यादा गैस जमा हो जाती है। भोजन में हमेशा सुपाच्य व पौष्टिक और प्राकृतिक चीजों का ही सेवन करना चाहिए अधपके हुए भोजन को नहीं खाना चाहिए भोजन के साथ आपको ज्यादा पानी नहीं पीना चाहिए।
  • भोजन खाने के बाद लेटे नहीं बल्कि सीधे बैठें। खाना खाने के बाद थोड़ा टहल लें।
  • सुबह उठते ही खाली पेट एक गिलास पानी पीना चाहिए बहुत ज्यादा ठंडा पानी  या ड्रिंक ना पीएं। इससे भी गैस बनती है।
  • अगर आप च्यूइंग गम चबाते हैं, तो इसे बदं कर दें।
  • आहार में फ़ाइबर की मात्रा बढ़ाना यह बेहतर पाचन में आपकी मदद करता है, आहार में सूखे फल, सूखा मेवा, अनाज, फल, सब्ज़ी और फलियाँ शामिल करने से फाइबर की मात्रा बढ़ने के कारण पाचन बेहतर होता है। हरी सब्जियों में मेथी,अदरक, बथुआ, करेला, पालक, निंबू, हरा धनिया आदि का सेवन करना चाहिए।
  • नियमित व्यायाम से फिजिकली एक्टिव रहें, ताकि आपको गैस की समस्या रोज-रोज न बने।  व्यायाम करना बेहतर पाचन में मदद करता है। सुबह सुबह खुली हवा में घूमने जाना चाहिए।
  • कब्ज़ से बचने के लिये, दिन भर पानी पीते रहें । स्ट्रॉ यानि पाइप के जरिए पानी पीने से बचें।
  • शराब, कैफ़ीन और सिगरेट्स से बचें, क्योंकि ये सभी चीज़ें ब्लोटिंग को बढ़ा सकती हैं। हमेशा अपनी नींद को पूरा करना चाहिए व दिन में कम से कम सोने की कोशिश करें।
  • डेरी के पदार्थ कम करें । पेट में गैस है, तो डेयरी उत्पादों का सेवन न करें।
  • भोजन के बाद थोड़ा सा गुड खाना चाहिए और दोपहर में एक कप लस्सी पीना चाहिए।
  • कार्बनयुक्त पेय पदार्थों से बचें या उनकी मात्रा कम करें। 

गैस की समस्या के घरेलू नुस्खे-

  • गैस की समस्या से राहत दिलाने में काली मिर्च फायदेमंद है। दूध में काली मिर्च मिलाकर पीने से भी गैस दूर होती है। 
  • त्रिफला भी कब्ज या गैस की समस्या से निपटने में काफी मददगार है। जब भी आपको गैस की शिकायत हो, आधा चम्मच त्रिफला को पानी में 5-10 मिनट के लिए उबालें और सोने से पहले इसे पी लें।
  • पेट की गैस के तुरंत इलाज के लिए हींग का सेवन करना बहुत ही फायदेमंद होता है। हींग और काला नमक मिलाकर गर्म पानी के साथ इसका सेवन करने से गैस और एसिडिटी की समस्या से तुरंत राहत मिलती है। 
  • एक चम्मच सेब के सिरके को एक गिलास पानी में डालकर पीएं। इससे पेट का हर तरह का इंफेक्शन दूर होता है।
  • 100 ग्राम दाना मेथी को हल्की आंच में सेक लें। उसके बाद उसे अच्छी तरह से पीसकर उसका चूर्ण बना ले। इसके बाद उस चूर्ण में 24 ग्राम काला नमक अच्छी तरह से मिश्रित कर ले। उस चूर्ण को दो-दो चम्मच सुबह शाम गर्म पानी के साथ खाएं इससे गैस की शिकायत खत्म हो जाती है।
  • नींबू और शहद में अदरक का रस मिलाकर पीने से, पेट की जलन शांत होती है। इसके अलावा अदरक के रस में एंटीबैक्टीरियल गुण भी होते हैं इसलिए ये पेट में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया को मारता है। गैस की समस्या भी दूर हो जाती है।
  • गैस से राहत पाने के लिए एक गिलास गुनगुने पानी को आधा चम्मच अजवाइन के के साथ खाना चाहिए। अजवाइन का सेवन करने से जल्द ही गैस से राहत मिलती है।
  • एक चम्मच जीरे को आधा गिलास पानी के साथ 10 से 15 मिनट के लिए उबाल लें। फिर ठंडा होने पर इसका सेवन करें। गैस से राहत मिलती है।
  • अजवाइन के साथ काले नमक को हल्के गुनगुने पानी के साथ लें। इसके इस्तेमाल से गैस बनने की समस्या में आराम मिलती है तथा गैस जल्दी बाहर निकल जाता है।
  • एलोवेरा (घृतकुमारी) का रस गैस और उससे जुड़े दर्द से राहत के लिये एक अच्छा घरेलू नुस्खा है। 
  • पपीता – पपीता सिर्फ ऐंटी-ऑक्सिडंट्स से भरपूर ही नहीं होता, बल्कि साथ ही यह आहार के प्रोटीन्स को पचाने में मदद करता है और पेट में अत्यधिक गैस का निर्माण नहीं होने देता।  
  • योगर्ट और छाछ जैसे प्रोबायोटिक्स का इस्तेमाल भी गैस से राहत देने और पाचन बढ़ान में सहायक होता है। प्रोबायोटिक्स ऐसे पदार्थ हैं, जिनमें ‘लाभकारी’ बैक्टीरिया होते हैं, जो प्राकृतिक रूप से हमारी आँतों में रहते हैं और पेट को स्वस्थ रखने के लिये ज़िम्मेदार होते हैं। 
  • एक चम्मच नींबू का जूस आधा चम्मच बेकिंग पाउडर को एक कप पानी में मिलाएं और पी लें। ऐसा करने से पेट की गैस से तुरंत राहत मिलती है।
  • दालचीनी गैस की समस्या दूर करने में मदद करती है। इसके लिए एक चम्मच दालचीनी पाउडर को गर्म पानी में मिलाकर पीजिए। चाहें तो इसमें शहद भी डाल सकते हैं। 
  • इन सभी उपायों के अलावा ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। फास्ट या फ्राइड फूड और ज्यादा मसालेदार खाना खाने परहेज करें। रोजाना खाना खाने के बाद कम से कम 20 से 30 मिनट चलें। ऐसा करने से आपका खाना जल्दी पचेगा और गैस की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

पढ़ने के लिए धन्यवाद! 

इस ब्लॉग की जानकारी ज्ञान के उद्देश्य से है और इसमें कोई चिकित्सकीय सिफारिश शामिल नहीं है। सलाह का पालन करने से पहले एक प्रमाणित चिकित्सक से परामर्श करें।

                                                                                                                                                                              रीना जैन


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!